आपदा मित्रों ने विधायकों को सौंपा ज्ञापन, नियमितीकरण और सरकारी कर्मी का दर्जा देने की उठाई मांग नाथनगर व भागलपुर के विधायकों ने सदन में मुद्दा उठाने का दिया भरोसा

आपदा मित्रों ने विधायकों को सौंपा ज्ञापन, नियमितीकरण और सरकारी कर्मी का दर्जा देने की उठाई मांग
नाथनगर व भागलपुर के विधायकों ने सदन में मुद्दा उठाने का दिया भरोसा

रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार

जगदीशपुर एवं नाथनगर प्रखंड के आपदा मित्रों ने प्रखंड अध्यक्ष तुलसी यादव के नेतृत्व में नाथनगर विधानसभा के विधायक मिथुन यादव तथा भागलपुर विधानसभा के विधायक रोहित पांडे से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान आपदा मित्रों ने दोनों विधायकों को एक मांग-पत्र सौंपते हुए सरकार से उनकी लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए सदन में आवाज उठाने का आग्रह किया।
ज्ञापन में आपदा मित्रों ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवीय आपदाओं के दौरान उनसे डेली बेसिस पर राहत एवं बचाव कार्य कराती है। बाढ़, आगजनी, सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य आपदाओं में वे पूरी निष्ठा और जोखिम उठाकर अपनी सेवाएं देते हैं। लेकिन आपदा की अवधि समाप्त होने के बाद उनके सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है, जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाता है।
आपदा मित्रों ने सरकार से मांग की कि उनकी सेवाओं और अनुभव को देखते हुए उन्हें नियमित किया जाए तथा सरकारी कर्मी का दर्जा प्रदान किया जाए, ताकि वे सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें।
मौके पर विधायक मिथुन यादव एवं विधायक रोहित पांडे ने आपदा मित्रों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को गंभीरता से सदन में उठाया जाएगा और सरकार का ध्यान इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित किया जाएगा।
इस अवसर पर आपदा मित्र संगठन के बांका जिले के हिमांशु कुमार. सचिव अमित कुमार, सनोज कुमार, संजीव कुमार, नितीश कुमार, मोहम्मद अल्ताफ अंसारी, कुंदन कुमार , रामजी कुमार सहित बड़ी संख्या में आपदा मित्र उपस्थित रहे।
आपदा मित्रों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें नियमित रोजगार एवं सरकारी कर्मी का दर्जा प्रदान करेगी, जिससे वे और अधिक समर्पण के साथ समाज एवं राज्य की सेवा कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!