ज़की हमदम ठाकुरगंज किशनगंज
किशनगंज: जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भोगडाबर ने राष्ट्रीय गुणवत्ता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के मूल्यांकन में केंद्र को 86.21 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। इस प्रदर्शन के आधार पर केंद्र को ‘शर्तों सहित गुणवत्ताप्रमाणित’ का राष्ट्रीय प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है।
यह सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता, मरीजों की सुरक्षा तथा बेहतर प्रबंधन जैसे विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है।
इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल भोगडाबर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बल्कि पूरे किशनगंज जिले के लिए गर्व का विषय है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सफलता से जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थान भी गुणवत्ता सुधार के लिए प्रेरित होंगे।
