दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सड़क निर्माण गुणवत्ता पर सांसद ने जताई नाराजगी
किशनगंज, 23 मई।
किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद Mohammad Jawed की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परिषद स्थित मेची सभागार में दिशा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों तथा अनुपालन प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आईसीडीएस, बुडको, शिक्षा विभाग, एनएचएआई, खनन विभाग, विद्युत विभाग, जिला योजना विभाग, नगर निकाय, पीएचईडी, राजस्व विभाग, लघु सिंचाई, अल्पसंख्यक कल्याण, खेल, उद्योग, बैंकिंग, बाढ़ नियंत्रण, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वच्छता विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों, विधायकों, मुखियाओं और अन्य प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए।
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने पोआखाली क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सड़क को हाथ से उखाड़ने का वीडियो वायरल हो रहा है और निर्माण कार्य रात में बिना अभियंता एवं संवेदक की उपस्थिति में कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित संवेदक पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही जिला प्रशासन को तकनीकी जांच कराने का निर्देश दिया।
इस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो के बाद निर्माण कार्य में सुधार कराया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी Vishal Raj ने कहा कि शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा दोषी संवेदकों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा रहा है। उन्होंने अभियंताओं को नियमित फील्ड विजिट कर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने सभी निजी अस्पतालों में निर्धारित स्वास्थ्य सेवा दरों की सूची और शिकायत हेतु हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। वहीं शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि हाल ही में करीब 200 शिक्षकों की पदस्थापना हुई है, जबकि 900 शिक्षकों का स्थानांतरण होने से जिले में शिक्षकों की कमी बनी हुई है।
सांसद ने सांसद निधि से मॉडल स्कूलों और अन्य विद्यालयों में आरओ लगाने की जानकारी देते हुए खराब आरओ को विद्यालय फंड से मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध कंप्यूटरों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
एनएचएआई अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि पूर्णिया-दालकोला एनएच परियोजना का को-टेंडर हो चुका है और अगले 15 से 20 दिनों में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सांसद ने जिले के सभी टोल प्लाजा में उपलब्ध सुविधाओं एवं शौचालय व्यवस्था की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में सर्विस लेन निर्माण पर भी चर्चा हुई।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने जिले में संचालित खनन कार्यों, संवेदकों, खनन क्षेत्र के लैटिट्यूड-लॉन्गिट्यूड और निर्धारित गहराई की सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में घर निर्माण के लिए खेत से मिट्टी काटने वाले लोगों पर अनावश्यक कार्रवाई नहीं करने की बात कही।
राजस्व विभाग की समीक्षा में सांसद ने एससी-एसटी एवं भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं उद्योग विभाग की समीक्षा में दिघलबैंक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 203 लाभुकों का चयन किया गया है। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रत्येक शनिवार सुबह 11 बजे उद्योग विभाग में उद्योग संबंधी बैठक आयोजित की जाती है।
बैठक में सांसद ने बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम प्रत्येक तीन माह पर आयोजित करने तथा कृषि विभाग को संभावित उर्वरक संकट को देखते हुए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में यूरिया का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसान निबंधन कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि लाइफ सर्टिफिकेशन नहीं कराने वाले लाभुकों की पेंशन अस्थायी रूप से रोकी गई है।
बैठक में जिलाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
