Katihar:छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो पक्षों में पथराव-मारपीट: कटिहार में कोचिंग से लौट रही थी छात्रा,पिता के सिर में आई चोट; 3 अरेस्ट

Katihar:छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो पक्षों में पथराव-मारपीट: कटिहार में कोचिंग से लौट रही थी छात्रा,पिता के सिर में आई चोट; 3 अरेस्ट

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र में हुए पथराव के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस प्रशासन सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो फुटेज खंगालकर उपद्रवियों की पहचान कर रहा है। कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि इलाके की स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। उन्होंने शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।

DM-SP ने संभाला मोर्चा, एक घायल

यह घटना शुक्रवार शाम सहायक थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में हुई। छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच पथराव और मारपीट हो गई, जिसमें लड़की के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और एसपी शिखर चौधरी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने किया विरोध

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कोचिंग से लौट रही एक छात्रा के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की। जब लड़की के परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया, तो युवक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। दोनों ओर से पथराव हुआ, जिसमें लड़की के पिता के सिर में चोट आई। उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले भी लिखित शिकायत दी गई थी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में कुछ असामाजिक तत्व अक्सर कोचिंग, स्कूल या बाजार जाने वाली लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी नगर थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दी गई थी। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि “आज फिर वही घटना दोहराई गई, जिससे लोग आक्रोशित हो गए।”
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बात कर मामले को शांत कराया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बेटियों के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं

सामाजिक कार्यकर्ता पवन पोद्दार ने बताया कि बेटियों के साथ छेड़छाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पहले भी प्रशासन को शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
आज छेड़छाड़ का विरोध करने पर लड़की के पिता को पीटा गया। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो और मोहल्ले में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि बहन-बेटियां सुरक्षित रहें।”
जिलाधिकारी ने शांति बनाए रखने की अपील

शरीफगंज में हुई घटना संज्ञान में आई है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। घायल व्यक्ति का इलाज कराया जा रहा है। मैंने एसडीओ और एसडीपीओ को संयुक्त जांच के आदेश दिए हैं।
छेड़छाड़ और मारपीट में शामिल जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। शांति बनाए रखें।”

25 अज्ञात पर मामला दर्ज-SP

“प्रारंभिक जांच में छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में विवाद और पथराव की बात सामने आई है। तीन नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है वही 25 अज्ञात पर FIR दर्ज कर ली गई है।
कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इलाके में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मैं दोनों समुदायों के लोगों से अपील करता हूं कि शांति और सौहार्द बनाए रखें।”

फिलहाल घटनास्थल के आसपास इलाके में तनावपूर्ण शांति है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!